छात्रहित सर्वोपरि: फीस के अभाव में नहीं रोकी जाएगी TC, शिक्षा विभाग के सख्त निर्देश

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा (जम)जिले में विद्यालयों के सुचारु संचालन और छात्रहित सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती अरूणा गारू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्पष्ट किया गया कि कोई भी विद्यालय फीस के अभाव में छात्र की टीसी जारी करने से इंकार नहीं करेगा और न ही परीक्षा से वंचित रखेगा।
बैठक में RTE के तहत पात्र विद्यार्थियों को निशुल्क प्रवेश देने, किताबें-ड्रेस एक ही दुकान से खरीदने के लिए मजबूर नहीं करने और कम से कम तीन दुकानों की सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। असुरक्षित भवनों में कक्षाएं संचालित करने पर पूर्ण रोक लगाते हुए विद्यालयों में स्वच्छता, पृथक शौचालय व सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य किया गया।
इसके अलावा छात्रवृत्ति का समय पर वितरण, विद्यालय वाहनों की नियमित जांच, U-DISE कार्य समयबद्ध पूर्ण करने तथा अभिभावकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। विभाग ने साफ किया कि सभी निर्देशों की पालना नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी।